संस्कृति और संस्कार हमारी जड़े : धामी
जनमंच टुडे। देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के नींबूवाला गढ़ीकैंट में हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति परिवेश एवं पूर्वजों द्वारा दिये गए संस्कारों से जुड़ा रहना होगा। ये हमारी जड़े हैं। अपनी जड़ों से जुड़ा रहकर ही हम जीवन में सफल होंगे और हमारी पहचान बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र हमारी सांस्कृतिक विरासत को भावी पीढ़ी को धरोवर के रूप में संजोकर रखने का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह केंद्र एक ओर जहां प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक सजीव चित्र सबके सामने रखेगा, वहीं दूसरी ओर हमारी सरकार की संस्कृति के संरक्षण- संबर्द्धन एवं विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी परिलक्षित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एक राष्ट्र होने के साथ ही एक महान परंपरा है, एक वैचारिक अधिष्ठान है, एक संस्कार की सरिता है। उन्होंने कहा कि हमारा देश दूसरे के नुकसान की कीमत पर अपने उत्थान के सपने नहीं देखता। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार न सिर्फ देश का भौतिक विकास कर रही है, बल्कि दुनियाभर में भारत की सनातन संस्कृति की कीर्ति पताका को फहराने का कार्य भी कर रही है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संवारने का कार्य करेगा। हमारी संस्कृति विश्व की महान संस्कृति रही है। उन्होंने कहा कि यह सांस्कृतिक केन्द्र संस्कृति संवर्धन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। गौरतलब है कि निदेशक संस्कृति सुश्री बीना भट्ट के नेतृत्व में हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र का निर्माण किया गया है।
