हकूकधारियों और ग्रामीणों की मेहनत लाई रंग
- लक्ष्मण सिंह नेगी।
जनमंच टुडे। ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर यात्रा के आधार शिविर गौण्डार गाँव में मदमहेश्वर धाम के हक – हकूकधारियों व गौण्डार के ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में विगत तीन दिनों से चल रहा आन्दोलन तहसील प्रशासन व वन विभाग के अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया है। आंदोलन समाप्त होने से गौण्डार गाँव से मदमहेश्वर धाम तक सभी व्यापारिक प्रतिष्ठा खुल जाएंगे। इससे एक बार फिर मदमहेश्वर धाम सहित यात्रा पड़ावों पर रौनक दिखाई देगी और मदमहेश्वर धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

बता दे कि द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम में स्थानीय हक – हकूकधारियो के अधिकारियों को यथावत रखने, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग द्वारा जारी बेदखली के नोटिस को वापस लेने, गौण्डार – मदमहेश्वर पैदल मार्ग के दोनों तरफ के भूभाग को 100 सेन्चुरी वन अधिनियम से मुक्त करने तथा मदमहेश्वर धाम, गौण्डार गाँव व यात्रा पड़ावों पर संचार सेवा उपलब्ध कराने तथा निर्माणाधीन अकतोली – गौण्डार मोटर मार्ग का निर्माण कार्य त्वरित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर मदमहेश्वर धाम के हक – हकूकधारियों व गौण्डार गाँव के ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में विगत आठ जुलाई को आन्दोलन शुरू किया गया है। आन्दोलन के पहले दिन हक – हकूकधारियो व गौण्डार से वार्ता करने मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार पहुंचते थे ,मगर वार्ता विफल रहने पर उन्हें वैरंग लौटना पड़ा। आज नायब तहसीलदार जयकृत सिंह रावत, राजस्व उप निरीक्षक दिवाकर डिमरी व वन विभाग के अधिकारी आन्दोलन स्थल गौण्डार गाँव पहुंचे तथा हक – हकूकधारियों व गौण्डार गाँव के ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि उनकी मांगों के लिए जल्द शासन को भेजा जायेगा व निराकरण के लिए शासन को अवगत कराया जायेगा। तहसील प्रशासन व वन विभाग के अधिकारियों ने मदमहेश्वर धाम के हक – हकूकधारियों व गौण्डार गाँव के ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र व मदमहेश्वर धाम के चहुंमुखी विकास के लिए सामूहिक पहल की जायेगी। तहसील प्रशासन व वन विभाग द्वारा हट – हकूकधारियों व गौण्डार गाँव के ग्रामीणों को लिखित आश्वासन देने के बाद सभी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगों पर अमल न किया गया तो हक – हकूकधारी व ग्रामीण पुनः आन्दोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर प्रधान बीर सिंह पंवार, पूर्व प्रधान भगत सिंह पंवार, शिवानन्द पंवार, भरत सिंह पंवार, वन पंचायत सरपंच शिशुपाल सिंह, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष अजय पंवार, महिला मंगल दल अध्यक्ष कुन्ती पंवार, सुरेश पंवार, वीरबल सिंह, कलम सिंह, भूपेंद्र सिंह, अंकुश सिंह, अखिलेश पंवार, मिलन पंवार, अशोक, रमेश पंवार, जसपाल सिंह, यशोधर पंवार, विनोद पंवार, संजय, फते सिंह, रणवीर सिंह, नरेन्द्र सिंह मौजूद रहे ।
