सिंचाई मंत्री महाराज ने किया भीमगोड़ा बैराज का निरीक्षण
जनमंच टुडे।हरिद्वार। सिंचाई, पर्यटन और लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज ने आज हरिद्वार के भीमगोड़ा बैराज पहुंचे और विगत दिनों गंगा के तेज बहाव के चलते टूटे गेट नंबर 10 का निरीक्षण किया। गौरतलब है कि गत दिनों टिहरी बांध से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ने के बाद गंगा में उफान आने के बाद हरिद्वार के भीमगोड़ा बैराज के गेट खोलने के दौरान तेज बहाव के चलते गेट नंबर 10 टूट गया था। सतपाल महाराज ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री को पत्र लिखकर नंबर 10 शीघ्र बदलने के लिए कहा है। सतपाल महाराज ने बताया गेट नंबर 10 पहले से ही बदला जाना प्रस्तावित था अतः दो-तीन दिन में नया गेट लग जाएगा। गेट टूटने से आगे किसी प्रकार की कोई हानि की संभावना नहीं है । उन्होंने कहा कि हरिद्वार में आई बाढ़ को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से बात की है इसके लिए केंद्र से सहायता की मांग की गई है ।हरिद्वार जिले के प्रभारी मंत्री महाराज ने कहा है कि भीमगौड़ा बैराज के गेट टूटने से किसी प्रकार का खतरा नहीं है। पानी की निकासी लगातार हो रही है। गेट को ठीक करने के लिए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री से भी कहा है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते प्रदेश भर में अब तक 274 मार्ग बन्द थे जिसमें से अधिकांश खोल दिए गए हैं, जबकी अन्य मार्गों को खोलने की कार्रवाई की जा रही है , जल्द ही इन मार्गों पर यातातात सुचारू हो जाएगा। लोक निर्माण मंत्री ने अतिवृष्टि के कारण रोशनाबाद-बिहारीगढ़ मार्ग पर स्थिति अनेकी नामक स्थान पर धसे पुल का निरीक्षण करते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त भाग पर वैली ब्रिज लगाने के लिए कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। अगले तीन सप्ताह में हल्के वाहन हेतु इसे खोल दिया जायेगा। कैबिनेट मंत्री महाराज ने कहा कि कोटद्वार क्षेत्र के मालन नदी पर बने पुल के 9 नम्बर पिल्लर में झुकाव के कारण इसे यातायात के लिए बन्द कर दिया गया है। वैकल्पिक मार्ग के रूप में कर्णाश्रम-मवाकोट-डिग्री कॉलेज होते हुए हल्का वाहन मार्ग बनाया गया है।
