जागरुकता कार्यक्रम का शुभारंभ
‘देहरादून। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और प्रदेष की जनता को जागरुक करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में ‘सतर्कता- हमारी साझा जिम्मेदारी थीम आधारित जागरुकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ये कार्यक्रम प्रदेशभर में राज्य स्थापना दिवस नौ नवम्बर तक तक चलाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि पटेल ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण भारत की एकता, अखंडता और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में यह जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत का केवल संकल्प ही नहीं लिया, बल्कि उसे धरातल पर उतारने का कार्य भी किया है। श्री धामी ने कहा प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ संकल्पित होकर कार्य कर रही है। राज्य गठन के बाद सतर्कता विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पिछले तीन सालों में सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचारियों के साथ ही अन्य मामलों में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और शासन व्यवस्था को पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से टोल फ्री नंबर 1 0 6 4 संचालित किया जा रहा है।इसके माध्यम से बीते तीन वर्षों में दस हजार के करीब शिकायतें दर्ज की गईं. जिनमें 62 शिकायतों में ट्रैप और 4 शिकायतों में खुली जांच की कार्यवाही की गई है. उन्होंने कहा राज्य में भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा सभी विभागों द्वारा इस अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार नहीं होना चाहिए। काम में पारदर्शिता होनी चाहिए। भ्रष्टाचार पर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभी तक जो भी कार्रवाई की गई है उन कार्रवाइयों को आगे बढ़ाया जाएगा।
