पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल खण्डूड़ी का निधन, तीन दिन का राजकीय शोक
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन हो गया। 91 वर्षीय खण्डूड़ी ने दून के मैक्स हॉस्पिटल में सुबह लगभग 11 बजे अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी , राज्यपाल गुरमीत सिंह सहित प्रदेश के तमाम नेताओं ने शोक जताया है। खण्डूड़ी के निधन पर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय अवकाश घोषित किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री खण्डूड़ी के सम्मान में बुधवार को प्रदेशभर के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि देने के बाद उनका राजकीय सम्मान के साथ हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर अंतिम विदाई दी जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी के निधन पर मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि
खंडूड़ी जी ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन एवं समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और ईमानदार कार्यशैली की मजबूत पहचान बनाई । वहीं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय सेना के गौरव, मेरे आदर्श राजनीतिक सुचिता के प्रतिमूर्ति मेजर जनरल (से.नि.) भुवन चंद्र खंडूरी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने
भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन एवं समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सैन्य जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक आपका सम्पूर्ण व्यक्तित्व राष्ट्रहित, सुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। रावत ने कहा कि उनका सरल स्वभाव, दृढ़ व्यक्तित्व एवं उत्तराखंड के विकास के प्रति समर्पण सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
