शिक्षा विभाग के अधीन शिक्षक-कर्मियों की सम्बद्धता खत्म होगी
देहरादून। शिक्षामंत्री डाक्टर धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा विभाग के अधीन विद्यालयों, कार्यालयों और विभागों में संबद्ध सभी शिक्षक-कर्मियों को वापस अपने विद्यालयों में भेजा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को 30 जून तक सभी प्रकार की संबद्धता समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दूसरे कार्यालयों में तैनात शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के संबद्धीकरण आदेश भी निरस्त करने के निर्देश दिये। श्री रावत ने विभागीय अधिकारियों की बैठक में अधिकारियों को शिक्षकों की संबद्धता तत्काल समाप्त कर उन्हें विद्यालयों में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 30 जून तक जो शिक्षक अपने मूल तैनाती स्थल पर नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर रावत ने कहा कि अधिकांश संबद्धता केवल एक शैक्षणिक सत्र के लिए थी , लेकिन कई शिक्षक एवं कर्मचारी वर्षों से अपने मूल विद्यालयों से दूर कार्यरत हैं, इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षामंत्री ने अधिकारियों को शिक्षणेत्तर कार्मिकों के सभी संबद्धीकरण आदेश भी तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश दिए।
