महंगाई को लेकर बिफरे वामपंथी, प्रदर्शन
जनमंच टुडे/ रामनगर।
प्रगतिशील महिला एकता केंद्र के तत्वाधान में विभिन्न वामपंथी जनसंगठनों ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं का जुलूस व्यापार मंडल कार्यालय से शुरू होकर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में होते हुए भवानीगंज भगत सिंह चौक पहुंचा, जहां केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। जुलूस के दौरान बढ़ती महंगाई पर रोक लगाओ, पेट्रोलियम पदार्थों से टैक्स घटाओ, महंगाई का एक इलाज-खत्म करो पूंजी का राज जैसे नारे बुलंद किए। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय बाजार में जहां तेल की कीमतें फिलहाल $38 प्रति बैरल है इसमें कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। जबकि केंद्र व राज्य सरकार मिलकर एक अच्छी खासी कीमत टैक्स के बतौर डीजल व पेट्रोल पदार्थों पर वसूल रही है, जिससे पेट्रोलियम पदार्थ की कीमतें लगातार अपने चरम पर है। वर्तमान महंगाई केंद्र सरकार की जानबूझकर ईजाद की गई समस्या है, जिससे वह अपने व्यापारिक मित्रों को लाभ पहुंचाना चाहती है। जहां एक तरफ कोरोनावायरस के कारण लगे लॉकडाउन से लोग बेरोजगार हुए हैं तो वहीं सरकार गरीब आदमी की थाली से लगातार रोटी का निवाला छीन रही है। ऐसे में लगातार बढ़ रही महंगाई उनके जीवनस्तर को गिरा रही है। इस दौरान पंकज कुमार, रवि, राज, प्रियांश, प्रभात ध्यानी, मनमोहन अग्रवाल, मनिंदर सिंह, नसीम, तुलसी, गीता, मीणा, मीना, सुनीता आदि लोग उपस्थित थे ।
रामनगर से वरिष्ठ पत्रकार, सलीम मलिक।
