आधुनिक लेखन से गायब होते झूरी, होरी और माधो

जनमंच टुडे/ रामनगर।

  • प्रेमचंद जयंती  पर विशेष

‘समय की बलिहारी’ साहित्य अपने समय का आइना होता है, लेकिन वह बीते समय के इतिहास और अनुभवों से अभिसिंचित भी होता है। आज दुनिया में आर्थिक और तकनीकी बदलाव बेहद तेज गति से हुए हैं, लेकिन सामाजिक बदलाव की गति इसके मुकाबले पिछड़ गई है। जिसके परिणामस्वरूप समाज में असंतुलन की जबरदस्त हलचल दिखाई देती है। इस परिवर्तन से व्यक्तिगत, सामाजिक और नैतिक मूल्य प्रभावित हुए हैं। कुछ भी अछूता नही रहा। आज यदि हम प्रेमचंद युग में जाएं तो पाएंगे कि प्रेमचंद अपने समय की व्यवस्था और सामाजिक बुराइयों पर अनेक आयामों से प्रहार करते हैं। वे समाज की कुरीतियों को उधेड़कर रख देते हैं। अपने समय की सच्चाई को अपनी कहानियों और उपन्यासों के माध्यम से बेहद मजबूती से प्रकट करते हैं। यही वजह है कि प्रेमचंद के रचे हुए पात्र, उनके उपन्यास और कहानियाँ हमारी स्मृतियों में आज भी जीवित हैं। उनकी रचनाएं कालातीत हैं।

परिवर्तन का समुद्र मंथन:’ आधुनिक संसार आर्थिक और तकनीकी परिवर्तन जनित बड़े बदलावों से गुजर रहा है। वैश्वीकरण की संकल्पना ने संस्कृति, समाज और जीवन मूल्यों में घालमेल कर दिया है जिससे समाज मे व्यापक सामाजिक, आर्थिक और नैतिक असंतुलन उत्पन्न हो गया है। परिवर्तन का यह समुद्र मंथन निरन्तर गतिशील है। लेकिन इस समुद्रमंथन में अमृत से पहले जो विष निकल रहा है। उसके चलते पंक्ति के अंतिम व्यक्ति पर कितना और कैसा असर पड़ा है, इसकी झलक आज के लेखकों की लेखनी में नही दिखाई देती है। आज साहित्य राजनीति से आगे चलने वाली मशाल नहीं रह गयी है। आधुनिक समुद्रमंथन से निकले विष का रसपान करने वाले लेखनी के नीलकंठ यहाँ कोसो-कोस तक दिखाई नहीं दे रहे हैं। कहीं उनकी लेखनी का ध्यान अमृत की बूंदों से बनी कलम की स्याही बनाने पर तो नही है ?।

‘हाफ गर्लफ्रैंड के आगे फीके पड़ते झूरी, होरी और माधो:’ यह सत्य है कि एक लेखक अपने पाठकों के लिए लिखता है। किंतु लेखक का युगधर्म क्या यहीं तक सीमित है ? । उदारीकरण के तीन दशकों में लगभग पांच लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। इस पीड़ा को कितने लेखकों की लेखनी में स्थान मिल सका ? किसान और मजदूर की आधी आबादी वाले इस देश में इन तीन दशकों में आखिर क्यों कोई किसान या मजदूर किसी नए प्रेमचंद की रचना का कालजयी पात्र बनकर नहीं उभर सका है ?
‘हाफ गर्लफ्रैंड’ तो ठीक है लेकिन लाखों किसानों की आत्महत्या क्यों, किसी साहित्यकार के हृदय को बींध नही पाई और उसके हृदय से पीड़ा की धारा बनकर जनमानस के दिलों में नहीं समा पायी ? । लाखों आत्महत्या करने वाले किसानों और करोड़ो जीवित मजदूरों-किसानों की दुर्दशा को बयां करती अमर रचना किसी साहित्यकार का रचनाकर्म क्यों नहीं बन सकी ? ।

चकाचौंध के आगे पस्त रचनाकर और उसका रचनाधर्म”‘ अर्थ की लिप्सा आधुनिक मूल्य बन गयी है। साहित्य जगत भी इससे अछूता नहीं रहा। वैसे भी पूँजी अपनी आलोचना को अपनी शक्ति के बल पर येन-केन-प्रकारेण विजित करने का हर सम्भव प्रयास करती है। वह नहीं चाहेगी कि साहित्य राजनीति से आगे चलने वाली मशाल बना रहे। अर्थजनित परिवेश अनेक प्रकार से साहित्य पर प्रहार करता है। समाज को भोगविलास में लिप्त करके, व्यक्ति की रुचियों को भौतिकवादी बनाकर और उसके दृष्टिकोण को स्वहित केंद्रित करने जैसे प्रयासों को अपनाकर वह अभीष्ट की सिद्धि कर लेता है। इसके चलते साहित्यकार कितना भ्रमित हुआ है यह विश्लेषण का विषय है।

साहित्य समाज के सामने समाज में मौजूद समस्यायों और चुनौतियाँ को सामने लाता है। उसकी खामियों को उजागर करके वह समाज को समाधान के लिए उद्वेलित करता है। आज का कलमकार इस पैमाने पर कितना खरा उतर रहा है, क्या आज के लेखकों और समाज को इस पर मनन नहीं करना चाहिए ?

जो सत्य से विमुख, वह साहित्य नही’

  • साहित्यकार आत्मश्लाघा के लिए नही लिखता और न ही वह केवल सुख की अभिव्यक्ति के लिए लिखता है। उसका धर्म और कर्म समाज में व्याप्त असंतुलन को मुखरता से उभारना है। उसे कड़वा सत्य उकेरने लाने वाला निर्भयी होना चाहिए। उसकी रचना में पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का दर्द झलकना चाहिए। उसे जमीनी लेखन का सजग प्रहरी होना चाहिए। बड़ी विडंबना है कि आज का साहित्य केवल खुशनुमा बदलाव की ओर दौड़ता हुआ ज्यादा दिखाई देता है। यदि ऐसा न होता तो आज कम से कम एक नया प्रेमचंद और एक नया झूरी समाज के सामने आ चुका होता। यदि ऐसा हुआ होता तो आज के आधुनिक लेखन से झूरी, होरी और माधो गायब नही हुए होते बल्कि वे हाफ गर्लफ्रैंड रूपी अर्धसत्य को अपनी उपस्थिति से पूर्णता अवश्य दे रहे होते। संभवतः इस पूर्णता के आलोक में समाज साहित्य की रोशनी में सही से देख पाता और परिवर्तन के परिणामों को बेहतर ढंग से आत्मसात करने में सफल रहता।

    लेखक राज्यकर विभाग में  अधिकारी  के पद पर तैनात हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *