गौचर और गैरसैण के अस्पतालों में होगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती
जनमंच टुडे/ गोपेश्वर/ चमोली।
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य सतीश लखेड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंटकर चमोली जनपद के गौचर और गैरसैण के अस्पतालों और डाक्टरों को लेकर चर्चा की। लखेड़ा ने मुख्यमंत्री के समक्ष गैरसैंण और गौचर के अस्पतालों में विशेषज्ञ डाक्टरों की तैनाती की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए सचिव स्वास्थ्य को निर्देश जारी किए। लखेड़ा ने मुख्यमंत्री से कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैण एवं उप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौचर अस्पतालों पर बड़ी आबादी के उपचार की जिम्मेदारी है, लेकिन यहां उसके अनुरूप उपचार क्षमता नहीं है। गौचर अस्पताल में मात्र एक डाक्टर की तैनाती है जबकि गैरसैण और कर्णप्रयाग विकासखंड के दुर्गम क्षेत्रों का यह निकटतम केंद्र हैं। डाक्टरों की कमी के चलते लोगों को छोटी, मोटी बीमारी के इलाज के लिए शहरों के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिसके चलते उनका समय और पैसा बर्बाद होता है। लखेड़ा ने जनता की समस्या को देखते हुए इन अस्पतालों को सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही विशेषज्ञ डाक्टरों को तैनात करने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। मुख्यमंत्री ने लखेड़ा को आश्वस्त किया कि इन दोनों केंद्रों में शीघ्र ही चिकित्सकों की तैनाती की जायेगी ताकि नगर क्षेत्र के अतिरिक्त आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके।
