समाज के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना लक्ष्य : मुख्यमंत्री
जनमंच टुडे/ हरिद्वार।
मुख्यमंत्री ने लक्सर को करोड़ों रुपये के विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि पर फोकस। सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास हमारा मूल मंत्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में उत्तराखंड को देश का प्रथम राज्य बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। हमें केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। सरकार दिसंबर तक वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार, राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करने के लिए देवभूमि उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विधायक संजय गुप्ता एक अत्यंत जुझारू एवं ऊर्जावान नेता हैं, इनके नेतृत्व में लक्सर विधानसभा क्षेत्र का विकास तेज गति से हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की भागीदारी के बिना समाज अधूरा है। युवा ही जो देश के भविष्य को आकार देता है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में 2025 तक उत्तराखण्ड को पर्यटन, शिक्षा, अध्यात्म के क्षेत्र में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 22-24 हजार रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। हमारी सरकार ने अतिथि शिक्षकों का वेतन 15,000 से बढ़ाकर 25,000 किया है। लम्बे समय से चली आ रही ग्राम प्रधानों की माँग को पूरा करते हुए प्रधानों के मानदेय में बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य, पर्यटन के क्षेत्र में कोविड राहत पैकेज दिया है, इसके अलावा निशुल्क जांच योजना, वात्सल्य योजना से जनता को राहत मिल रही है। केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत योजना से लोगों के जीवन में काफी परिवर्तन आया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्सर क्षेत्र के लिये अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। विधान सभा क्षेत्र लक्सर के अन्तर्गत लक्सर नगर में खेल मैदान का निर्माण किया जायेगा। लक्सर विधायक संजय गुप्ता के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने लक्सर में अगले सत्र में महाविद्यालय खोलने की भी घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 4922.82 लाख रूपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने 145.65 लाख रूपये की लागत से बनने वाले विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
