तीर्थ यात्रियों से अतिथि देवो भवः का व्यवहार करे : पंवार
- लक्ष्मण सिंह नेगी।
जनमंच टुडे/ उखीमठ।
श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मन्दिर समिति उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने केदार घाटी के अन्तर्गत विभिन्न तीर्थ स्थलों में पूजा – अर्चना कर 6 मई से शुरू होने वाली केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों कर्मचारियों से कहा कि जो श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड के तीर्थ स्थलों में निस्वार्थ भाव से पहुंचते है उनके साथ अतिथि देवो भवः के व्यवहार करे। उन्होंने अधिकारियों ,प्रधान पुजारियों, वेदपाठियो व हक – हकूकधारियो से अनुभव साझा करते हुए कहा कि सभी तीर्थ स्थलों में दशकों से चली आ रही पौराणिक परम्पराओं को और बेहतर बनाने के सामूहिक पहल की जायेगी। मन्दिर समिति उपाध्यक्ष ने गौरीकुण्ड, सिद्धपीठ कालीमठ व भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर में पूजा – अर्चना की की। उन्होंने गौरीकुण्ड में गौरीकुण्ड माता मन्दिर के सौन्दर्यीकरण में गति लाने व गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य करने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिये। 
उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम आने वाले तीर्थ यात्रियों को बेहतर दर्शन करवाने में देवभूमि उत्तराखंड की अलग पहचान विश्व स्तर पर हो सकती है तथा देवभूमि उत्तराखंड आने वाले तीर्थ यात्री यहाँ से अतिथि देवो भव की प्रेरणा लेकर लौट सकें। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम आपदा के बाद अधिकारियों, कर्मचारियों के आवासीय भवनों का अभाव बना हुआ है इसलिए आगामी यात्रा सीजन के लिए 10 कमरों को किराये पर लिये गये है तथा कुछ आवासीय भवनों के निर्माण के लिए निविदाएं आमन्त्रित की गयी है जिनका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने वाला है। कहा कि मन्दिर समिति की आय सुदृढ़ करने के लिए मन्दिर समिति प्रयासरत है। शीघ्र मन्दिर समिति की आय सुदृढ़ बनाने की कार्ययोजना तैयार की जायेगी। इस मौके पर प्रधान गजपाल सिंह रावत, प्रभारी कार्यधिकारी आर सी तिवारी, मन्दिर सुपरवाइजर यदुवीर पुष्वाण, मठापति अब्बल सिंह राणा,प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग, बागेश लिंग, शिव लिंग, वेदपाठी रमेश चन्द्र भटट्, नवीन मैठाणी, आशा राम नौटियाल, गिरीश देवली सहित मन्दिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।
