अधिकारी किसानों के हितों को देखकर योजनाएं बनाएं : धामी
जनमंच टुडे/ देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सिंचाई विभाग की बैठक में अधिकारियों को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने जनपदों में मुख्य विकास अधिकारियों की अध्यक्षता में समिति का गठन कर कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारी को भी शामिल करने के निर्देश दिए । सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग कृषि एवं उद्यान विभाग के साथ समन्वय से कार्य करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई विभाग को पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए बागवानी पर अधिक ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि 5 सालों में राज्य की जीडीपी को दोगुना करने के लिए सभी विभागों को एकजुट होकर तेजी से कार्य करने होंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सौंग एवं जमरानी बहुद्देशीय परियोजना पेयजल एवं सिंचाई की दृष्टि से राज्य के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सौंग बांध पेयजल परियोजना की अवशेष स्वीकृति संबंधी कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाए कि परियोजनाओं में विलम्ब न हो, यदि कहीं कोई समस्या आ रही है, तो ऐसे मामले उच्च स्तर पर लाये जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोलीढ़ेक, थरकोट झील एवं गगास जलाशय का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।
