अपने यात्रा सिस्टम को और मजबूत करना होगा : संधु
जनमंच टुडे। देहरादून । मुख्य सचिव डॉ. एस. एस संधु ने बुधवार को सचिवालय में कमिश्नर गढ़वाल, सचिव पर्यटन और यूटीडीबी के साथ चारधाम यात्रा के सम्बन्ध में बैठक ली। मुख्य सचिव ने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आने वाले समय के लिए हमें अपने यात्रा सिस्टम को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रोप वे प्रोजेक्ट और रेलवे प्रोजेक्ट पूर्ण हो जाने के बाद यात्रियों की संख्या अत्यधिक बढ़ेगी, इसके लिए आने वाले समय में हमें सुविधाओं में सुधार लाना होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें एक ऐसा सिस्टम विकसित करना होगा जो ऑफ सीजन में भी यात्रा मार्गों और धामों में लगातार सुधारीकरण का काम करता रहे। मुख्य सचिव ने ऋषिकेश रजिस्ट्रेशन सेंटर को बड़े स्तर पर बनाए जाने के साथ ही ट्रैकिंग रूट्स और भूमि उपलब्ध होने पर यात्रा मार्गों में भी परमानेंट टॉयलेट स्ट्रक्चर स्थापित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगती है उनके रहने खाने आदि की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चारों धामों में ट्रांसिट हॉस्टल जैसी सुविधाएं उपलब्ध करने पर भी जोर दिया। मुख्य सचिव ने सभी कमिश्नर गढ़वाल और सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारियों से इस सम्बन्ध में सुझाव मांगे।
