सरकार के मजबूत विजन से उत्तराखंड विकास की राह पर अग्रसर : रावत
देहरादून। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रबल दावेदार पूर्व क्षेपं सदस्य एवं प्रदेश भाजपा कार्यालय सचिव जगमोहन सिंह रावत ने चौबट्टाखाल के विकास को लेकर रोडमैप रखा। रावत ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें चौबट्टाखाल की जनता की सेवा करने का अवसर देती है, तो उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता क्षेत्र से हो रहे पलायन को रोकना, युवाओं, महिलाओं के लिए स्वरोजगार, रोजगार के साधन, बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। क्षेत्र भ्रमण से लौटने के बाद बातचीत करते हुए चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से भाजपा के प्रबल दावेदार श्री रावत ने वर्तमान धामी सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड पलायन निवारण आयोग के प्रयासों और ‘सेवा व सुशासन’ की नीति के तहत प्रदेशभर में गांवों को फिर से आबाद करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार के मजबूत विजन से उत्तराखंड विकास की नई राह पर अग्रसर है। राज्य में युवाओं को रोजगार, आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था देने के लिए सरकार द्वारा बेहतर कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियां राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बेहतर साबित हो रही हैं। जगमोहन रावत ने कहा कि चौबट्टाखाल क्षेत्र में जो भी जनसमस्याएं हैं उन्हें जनता, कार्यकर्ताओं के सहयोग से दूर किया जाएगा। चौबट्टाखाल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए अत्याधुनिक मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करवाएंगे, ताकि स्थानीय निवासियों को क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। उन्होंने कहा कि रोजगार के साधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा में सुधार होने से ही क्षेत्र में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि चौबट्टाखाल क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं महिलाओं को कौशल विकास कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा , सड़कों की स्थिति में सुधार किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का जीवन सुगम हो सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर छोटे उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही पर्यटन, कृषि, बागवानी, फ्लोरीकल्चर, पशुपालन पर आधारित स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि युवाओं को रोजगार के साधन घर मे ही उपलब्ध हो सके और उन्हें रोजगार लिए बाहर न जाना पड़े। श्री रावत ने कहा कि गांवों में ही आजीविका के साधन विकसित कर ‘रिवर्स माइग्रेशन’ को बढ़ावा देने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने चौबट्टाखाल क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र का विकास केवल कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर दिखेगा और जनता के सहयोग से क्षेत्र की बेहतरी के लिए नीतियां बनाई जाएंगी।
