महाराज ने किया डूब क्षेत्रों को आपदाग्रस्त घोषित करने का अनुरोध

जनमंच टुडे।हरिद्वार। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हरिद्वार जिले के पानी में डूबे क्षेत्रों को आपदा ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने के साथ ही, इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का दो माह का बिजली का बिल एवं सर चार्ज माफ करने का अनुरोध किया है। साथ ही महाराज ने इन क्षेत्रों में बैंकों की ऋण वसूली पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का मुख्यमंत्री से आग्रह किया है। हरिद्वार। सिंचाई, लोनिवि पर्यटन व हरिद्वार जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने आज हरिद्वार जिले के आपदा पीड़ित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद यह बात कही। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।  महाराज ने बाढ़ एवं अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्र मोहम्मदपुर बुजुर्ग,  लक्सर, लंढौर, मुंडलाना, साऊथ सीवर लाइन खानपुर, मोहनपुर, रूड़की स्थित गणेश पुल, रेलवे स्टेशन, पनियाला, भगवानपुर बाजार, जौनपुर से मोहम्मदपुर बुजुर्ग तटबंध, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र लक्सर बाजार, अकोढा कला में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र, बिरला टायर फैक्ट्री सहित रुड़की बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों सहित सोनाली नदी का भी निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंनेे लक्सर स्थित पूरे बाजार का पैदल भ्रमण कर प्रत्येक दुकान का भी मुआयना किया। आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करते हुए जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।  महाराज ने कहा कि आपदा की रोकथाम के लिए पूरी योजना बना दी गई है।अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां-जहां भी बंध खोलने की आवश्यकता है उन्हें तत्काल खोला जाए। उन्होंने कहा कि पुलों के नीचे गाद बढ़ जाने के कारण नदियों का पानी घरों में घुस रहा है। महाराज ने कहा कि नदियों के चैनेलाइजेशन के लिए पूरी योजना बनाकर हाई कोर्ट जायेंगे, ताकि इस प्रकार की परिस्पतियों से पार पाया जा सके। हरिद्वार में सड़कों की स्थिति की जानकारी देते हुए लोनिवि मंत्री  सतपाल महाराज ने बताया कि जनपद में लोक निर्माण विभाग के अधीन मार्गो, सेतुओं में अतिवृष्टि के कारण कुल 54 मार्ग क्षतिग्रस्त होकर बाधित हुए थे जिसमें से 40 मार्गों को यातायात हेतु खोला जा चुका है। उन्होंने कहा कि अभी तक 14 मार्ग यातायात हेतु बाधित हैं जिन्हें एक सप्ताह में यातायात हेतु खोल दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *