देहरादून में आज रात 10 बजे से घूमना फिरना बन्द, 5 बजे बाद करे मॉर्निंग वॉक
देहरादून। देहरादून जनपद के नगर निगम क्षेत्र में नाइट कर्फ्यू को लेकर जिला प्रशासन ने निर्देश जारी कर दिया है। नाइट कर्फ्यू शनिवार रात यानि आज 10 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू होगा। नाइट कर्फ्यू के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आपदा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी। रात्रि कर्फ्यू के दौरान चिकित्सा और आवश्यक सेवाओं फल, सब्जी, दूध, पेट्रोल व गैस आपूर्ति से जुड़े हुए वाहनों को छूट मिलेगी। दवा की दुकानें, पेट्रोल पम्प, हवाई जहाज, ट्रेन, बस से यात्रा करने वालों को भी आवागमन में छूट मिलेगी। सार्वजनिक हित के निर्माण कार्य चलते रहेंगे और इनसे जुड़े हुए कार्मिक व मजदूरों के आवागमन में छूट रहेगी। औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कार्मिकों को संबंधित औद्योगिक इकाई का पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर आने-जाने में छूट रहेगी। विवाह में सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों को नाइट कर्फ्यू में छूट मिलेगी।
