मुख्यमंत्री आवास घेरेंगे राज्यान्दोलनकारी
जनमंच टुडे/ रामनगर।
अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में राज्य आंदोलनकारियों द्वारा आठ अगस्त को देहरादून मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। यह निर्णय राज्य आंदोलनकारियों की रामनगर में आयोजित बैठक के दौरान लिया गया। राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के मुख्य संरक्षक धीरेंद्र प्रताप ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह न तो शहीदों के सपनों को साकार करने की दिशा में कोई काम कर रही है न ही शहीदों की शहादत एवं राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष से गठित राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान कर रही है। पूर्व की राज्य सरकारों द्वारा राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में जो निर्णय लिए गए थे यह सरकार उनके भी खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार को चेताया कि राज्य आंदोलनकारी शासन प्रशासन के दमन , उत्पीड़न एवं मुकदमे दर्ज करने से डरने वाले नहीं हैं बल्कि वह राज्य की अवधारणा एवं शहीदों के सपनों को साकार कर ही दम लेंगे। बैठक में राज्य की अवधारणा लागू करने, गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने , आंदोलनकारियों के मृतक आश्रितों के सम्मान निधि देने, क्षैतिज आरक्षण लागू करने, राज्य आंदोलनकारियों को मिलने वाली सम्मान निधि राशि बढ़ाने की मांग करते हुए निर्णय लिया गया कि आठ अगस्त को राज्य आंदोलनकारियों द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री आवास के घेराव कार्यक्रम में रामनगर से राज्य आंदोलनकारी शामिल होंगे। बैठक के बाद देहरादून में सैंकड़ों राज्य आंदोलनकारियों पर मुकदमे दर्ज किए जाने से आक्रोशित राज्य आंदोलनकारियों ने रानीखेत रोड पर उत्तराखंड सरकार का पुतला भी फूंका।राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए राज्य आंदोलनकारियों ने सरकार का पुतला दहन कर मांगे पूरी न होने व मुकदमे वापस न होने तक सरकार का विरोध व संघर्ष को जारी रखने का संकल्प भी लिया। इस दौरान बैठक व पुतला दहन कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी धीरेंद्र प्रताप, प्रभात ध्यानी , हरिमोहन मोहन, योगेश सती, पुष्कर दुर्गापाल, अनिल खुलासा, हाफिज सईद अहमद, शेर सिंह लटवाल , नवीन नैथानी, चंद्रशेखर जोशी, फजल खान, डीडी सती, राजेन्द्र खुल्बे, रईस अहमद, नबाब अहमद, नरेंद्र सेठीयाल, आशा बिष्ट, हेम भट्ट, मनीष आदि मौजूद रहे थे।
रामनगर से वरिष्ठ पत्रकार सलीम मलिक।
