निर्दलीय प्रत्याशी कुलदीप रावत ने किया नामांकन
जनमंच टुडे/रुद्रप्रयाग।ऊखीमठ।
निर्दलीय प्रत्याशी कुलदीप रावत ने आज विस चुनाव के लिए अपना नामांकन कराया। नामांकन के बाद समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। नामांकन के बाद कुलदीप रावत ने ऊखीमठ मुख्य बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जनता का आर्शीवाद लेते हुए कहा कि मेरा चुनाव लड़ने का मुख्य मकसद स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और केदार घाटी में लघु उद्योग स्थापित करना है। उन्होंने स्थानीय जनता का आवाहन करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यदि आप लोगों का प्रेम, सौहार्द और आशीर्वाद मिला तो केदारनाथ विधानसभा के हर समस्या का निराकार करने के लिए सामूहिक पहल की जायेगी, जिससे लोगों को उच्च शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए पलायन न करना पडे़। उन्होंने कहा कि केदारनाथ विधानसभा के अन्तर्गत तीर्थाटन व पर्यटन की अपार सम्भावनाये हैं। क्षेत्र के अन्तर्गत सभी तीर्थ व पर्यटक स्थलों को विश्व मानचित्र लाने के प्रयास किये जायेंगे जिससे स्थानीय तीर्थाटन व पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिल सके, बेरोजगारों के सन्मुख स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दलों ने समय – समय पर यहाँ भोली जनता को छला है, इसलिए आज जनता स्वयं को ठगा महसूस कर रही है और जनता ने राष्ट्रीय दलों को सबक सिखाने की ठान ली है। कहा कि आज महंगाई आसमान पर होने के कारण गरीब लोग दो जून की रोटी के लिए मोहताज हो रहे हैं। इस मौके पर प्रधान संगठन पूर्व जिलाध्यक्ष शान्ति चमोला, लवीश राणा, बीरेन्द्र बिष्ट, विक्की आनन्द, अवधेश रावत, जगदीश पुजारी, भक्त दर्शन रावत, विनोद अथवाल, कैलाश उनियाल समेत कई समर्थक मौजूद थे।
