मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक
जनमंच टुडे डेस्क। उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन 58 वर्षीय मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को एम्स में भर्ती कराया गया है। श्रीवास्तव को ट्रेडमिल पर दौड़ते वक्त हार्ट अटैक आया था। उनके सीने में अचानक दर्द उठा और वे नीचे गिर गए थे। इसके बाद राजू श्रीवास्तव को उनके जिम ट्रेनर फौरन अस्पताल लेकर गए। बाद में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई। उसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक राजू श्रीवास्तव की एंजियोग्राफी की गई जिसमें एक बड़े हिस्से में 100 फीसदी ब्लॉक मिला है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत फिलहाल बेहद नाजुक हैं, लिहाजा उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। जानकारी के अनुसार राजू श्रीवास्तव दिल्ली के एक होटल में रुके हुए थे। वहां जिम में वर्क आउट कर रहे थे। तभी उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह ट्रेडमिल पर गिर गए थे। राजू को तुरंत एम्स में भर्ती कराया गया था। श्रीवास्तव ने ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज, कॉमेडी सर्कस, द कपिल शर्मा शो, शक्तिमान जैसे टीवी शो के साथ ही कई हिंदी फिल्मों में काम किया है।
