पर्यटकों को पहाड़ की सभ्यता और संस्कृति से परिचित कराएगा ‘संसारी’ का जैबरी बासा

  •   लक्ष्मण सिंह नेगी।

जनमंच टुडे/ऊखीमठ। पर्यटन और उद्यानीकरण की गतिविधियों को बढ़ावा देने में पहाड़ी शैली में बने होम स्टे(अतिथि गृह) और यहां के पारंपरिक पकवान  महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में उद्यान विभाग ने ऊखीमठ ब्लाॅक के संसारी गांव में पहाड़ी शैली में तैयार जिले का पहला हार्टी टूरिज्म भवन (जैबरी बासा) तैयार किया है।गुरुवार को विधायक केदारनाथ शैलारानी रावत और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने टूरिज्म भवन और इसकी कैंटीन का उदघाटन किया।  विधायक शैला रानी रावत ने कहा कि उद्यान विभाग एवं जिला प्रशासन की यह सराहनीय पहल है।  पर्यटक स्थलों में ऐसे अतिथि  केंद्र  बनने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। कहा कि अन्य विभागों को भी अपनी भूमि पर इस तरह की योजनाएं शुरू करने  चाहिए।  जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद में पर्यटन की गतिविधियों एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग द्वारा पारम्परिक पहाड़ी शैली में तैयार होम स्टे जैबरी बासा इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। यहां पर एनआरएलएम के तहत गठित बद्री केदार स्वयं सहायता समूह ही इसका संचालन करेंगे, जिसका सीधा लाभ स्थानीय महिलाओं को होगा। होम स्टे में पहाड़ी व्यंजन मुख्य मेन्यू में शामिल होगा।

इसके अलावा अन्य भोजन भी उपलब्ध करवाया जाएगा। हिमालय की श्रृंखला के साथ ही प्रकृति के विहंगम दृश्य चोपता एवं केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तैयार जैबरी बासा की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं। जिलाधिकारी ने पर्यटकों से यहां आकर रुकने की अपील की । जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि ऊखीमठ में 1963 में राजकीय आदर्श उद्यान नर्सरी स्थापित की गई थी, जो लगभग दो हेक्टेयर भू-भाग में फैली है। स्थापना काल के बाद से ही उद्यान विभाग यहां ग्राफ्ट के माध्यम से विभिन्न प्रजाति के फलदार पौधों की नर्सरी तैयार कर रहा । यह पौध सचल केंद्र की मांग के अनुरूप किसानों को वितरित की जाती है ताकि अधिक से अधिक किसान बागवानी से जुड़ सके। उद्यान केंद्र एक रमणीक स्थल होने के साथ ही पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र भी है। क्षेत्र की नैसर्गिक सुंदरता को देखते हुए सरकार ने  2020 में इस नर्सरी को हार्टी टूरिज्म भवन (औद्यानिकी पर्यटन केंद्र) के रूप में विकसित करने की योजना बनाई थी। जनवरी, 2021 में राजकीय आदर्श उद्यान केंद्र के लिए जिला योजना से 1 करोड़ 39 लाख 86 हजार रुपए में तैयार किए गए हार्टी टूरिज्म भवन का निर्माण किया गया। गौरतलब है कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और पहाड़ के गांवों से हो रहे पलायन को रोकने के लिए उत्तराखंड सरकार ने होम स्टे योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत पर्यटन स्थलों पर स्थानीय लोग अपने ही घरों में देश-विदेश के पर्यटकों के लिए ग्रामीण परिवेश में साफ व किफायती आवास सुविधा उपलब्ध करा सकते हैं। इन होम स्टे में पर्यटकों को स्थानीय व्यंजन परोसने के साथ ही उन्हें यहां की सभ्यता और संस्कृति से भी परिचित कराया जाता है।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग हितेश पाल सिंह, सूचना अधिकारी रती लाल शाह, खंड विकास अधिकारी दिनेश प्रसाद मैठाणी, शकुंतला जगवाण, देवप्रकाश सेमवाल, बद्री केदार स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष संगीता नेगी व सपना तिवारी सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *