सांड के हमले में बुजुर्ग की मौत
जनमंच टुडे। रानीखेत।अल्मोड़ा। पर्यटन नगरी रानीखेत में सांड के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकी उसका पुत्र घायल हो गया। जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के रानीखेत तहसील के कुंवाली क्षेत्र के कुलसीबी ग्रामसभा के खोल्टा गांव निवासी दिगंबरदत्त तिवारी (78 ) अपने दो पोतों को लेकर अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन पर एक सांड ने अचानक हमला कर दिया। इस पर बुजुर्ग ने शोर मचाया और लोगों ने सांड को भगाने का प्रयास किया। इसी बीच दिगंबरदत्त के पुत्र हेम चंद्र तिवारी ने अपने पिता को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सांड के हमले में वह भी घायल हो गया। ग्रामीणों ने बुजुर्ग को बामुश्किल सांड के चंगुल से छुड़ाया और पिता पुत्र को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गयाउनके पुत्र हेम को अस्पताल पहुंचाया, दिगंबर की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया, लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई।
