पिता पुत्र ने की आत्महत्या
जनमंच टुडे। रुड़की। भगवानपुर के सरठेडी गांव में एक ग्रामीण ने अपने पुत्र के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दो सप्ताह पहले ही ग्रामीण की पत्नी की हार्टअटैक से मौत हो गई थी। इस बात को लेकर वह अवसाद में था। आत्महत्या को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन कर रही। जानकारी के अनुसार भगवानपुर थाना क्षेत्र के सरठेडी गांव निवासी जोगिंदर (40) दिव्यांग था साथ ही वह हलवाई का काम करता था। करीब 15 दिन पहले जोगेंद्र की पत्नी को हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से जोगेंद्र और उसका बेटा शिवम (15) दुखी थे। शनिवार देर शाम जोगेंद्र ने अपने बेटे शिवम को घर में रखे कीटनाशक का सेवन कराया। इसके बाद उसने खुद भी कीटनाशक का सेवन कर लिया। जिसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें रुड़की के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर शनिवार देर रात उपचार के दौरान पिता-पुत्र की मौत हो गई। भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथान ने बताया कि दो सप्ताह पहले जोगिंदर की पत्नी की मौत हो गई थी। इसी बात से वह काफी परेशान था। उन्होंने आशंका जताई है कि इसके चलते ही उसने अपने बेटे के साथ मिलकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
