नारी शक्ति उत्सव के तहत मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र
जनमंच टुडे।देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नारी शक्ति उत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम में 187 एएनएम को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के सुदूर गांवों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले इसके लिए इन महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में नियुक्ति प्रदान की जा रही है। लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ ही गर्भवती महिलाओं व शिशुओं की देखभाल करने की जिम्मेदारी इन पर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृ शक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृ शक्ति के जीवन में कल्याणकारी परिवर्तन लाने और उनके भविष्य को उत्कृष्ट बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है इसके लिए राज्य में महिलाओं को 30 प्रतिक्षत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सभी विभागों द्वारा आगामी 10 साल के रोडमैप पर कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आज जिन एएनएम को नियुक्ति दी गई हैं, ये सभी अगले पांच सालों तक प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं देंगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही मेडिकल कॉलेजों में 171 सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी। डाक्टर रावत ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत बनाने के के लिए प्रदेशभर में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य चौपाल लगाये जायेंगे। इस मौके पर 824 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए । कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में एएनएम की नियुक्ति होने से, वहां के लोगों को काफी राहत मिलेगी। कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास ने कहा कि युवाओं एवं मातृशक्ति को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने में सतत प्रयास किये जा रहे हैं। इस अवसर पर कुलपति हे.न.ब. चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हेमचंद्र पाण्डे, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. विनीता शाह, प्राचार्य दून मेडिकल कॉलेज डॉ. आशुतोष सयाना, अपर सचिव स्वास्थ्य अमनदीप कौर एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
