कोटद्वार में लगा ‘रोजगार मेला’ , युवाओं को मिली नौकरी

जनमंच टुडे। पौड़ी। विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार में  युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमे विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कम्पनियां शामिल हुई। रोजगार मेले का शुभारंभ कोटद्वार विस क्षेत्र की विधायक और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा की वह कोटद्वार के युवाओं के रोजगार और उनके विकास के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा की राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना  सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत कोटद्वार में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों का मुख्य उद्देश्य नियोजकों व युवाओं को एक मंच पर लाना है, ताकि उद्योगों को कुशल कामगार उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि  इस मेगा जॉब फेयर में विभिन्न क्षेत्रों जैसे फार्मा, सूचना प्रौद्योगिकी, टूरिज्म एवं हास्पिटेलिटी, मैन्यूफैक्चरिंग, सेक्योरिटी तथा सर्विस सेक्टर आदि से सम्बन्धित प्रतिष्ठित कम्पनियाँ भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार की आवश्यकता है । युवाओं का विकास होगा तो निश्चित ही राज्य और देश प्रगति करेगा। इस दौरान उन्होंने चयन कर रही कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी निरक्षण किया। केंद्र व राज्य सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सहयोग से आयोजित राज्य स्तरीय  रोजगार मेले में देहरादून, हरिद्वार, कोटद्वार व दिल्ली एनसीआर की आई.टी बीपीओ, इंफ्रास्ट्रक्चर,इंजीनियरिंग,इलेक्ट्रिक, बैंकिंग,कंसल्टिंग, रिटेल,टेलिकॉम जैसे समेत कई सेक्टर्स की लगभग 74 प्रतिष्ठित कम्पनियों ने रोजगार मेले में प्रतिभाग किया। कम्पनियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया और  सफल युवाओं को  नियुक्ति पत्र सौंपे। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारी ने बताया की रोजगार मेले में लगभग 1900 से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *