अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे खड़े युवक-युवती को मारी टक्कर
जनमंच टुडे। पौड़ी। पौड़ी-टेका-सतपुली मोटर मार्ग पर बीते शाम एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन ने सड़क किनारे खड़े युवक युवती को टक्कर मार दी। टक्कर से युवती गहरी खाई में जा गिरी। जबकि युवक घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।जिला मुख्यालय पौड़ी में पौड़ी-टेका-सतपुली मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन तेज रफ्तार से अद्वाणी की ओर से पौड़ी आ रहा था। टेका के समीप सड़क किनारे खड़ी बाइक व पास खड़े युवक-युवती को टक्कर मार दी। टक्कर में वाहन चालक बाइक को करीब 10 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना से सड़क किनारे खड़ी युवती खाई में गिर गई। जबकि युवक सड़क पर ही गिर गया। घटना के बाद बोलेरो वाहन चालक फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस व राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने खाई से घायल चुवती को रेस्क्यू किया। 108 की मदद से घायलो को जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया। जहां दोनों का उपचार चल रहा है। नायब तहसीलदार पौड़ी हरेंद्र खत्री ने बताया कि सड़क हादसे में अमीषा नेगी निवासी प्रेमनगर पौड़ी और देवेंद्र पुंडीर हाल निवास श्रीनगर-चौरास घायल हो गए हैं। वाहन सीज कर दिया गया है।
