घटनास्थल पर पहुंचे प्रधानमंत्री
जनमंच टुडे। डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ओडिशा में बालासोर रेल दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में घायलों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बालासोर रेल दुर्घटना से संबंधित स्थिति की समीक्षा के लिए आज उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित रेलवे और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। रेल हादसे में दुर्घटना में मरने वालों की संख्या अब 261 हो गई है और लगभग 900 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के निकट परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाने की घोषणा की है। वहीं, घटना के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दुर्घटना स्थल का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बचाव और राहत कार्य, घायलों के समुचित उपचार और यात्रियों के परिजनों तक जानकारी पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य अब पूरा हो चुका है और राहत कार्य जारी हैं। रेल मंत्री ने बताया कि दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उड़ीसा में हुई रेल दुर्घटना पर शोक जताया है और हादसे में घायल यात्रियों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।
