मीडिया लोकतंत्र की रीढ़ : डीएम

बागेश्वर। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की प्रदेश इकाई के शपथ ग्रहण समारोह के साथ आज बागेश्वर में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मीडिया की भूमिका और उत्तराखंड की दशा-दिशा पर गंभीर मंथन किया गया। बागेश्वर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगाई, रेडक्रॉस समिति के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण और एनयूजे के प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। उन्होंने इस दौरान कहा कि मीडिया लोकतंत्र की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारों की जिम्मेदारियाँ और भी अधिक बढ़ गई हैं, क्योंकि वे जनभावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि, पत्रकार समाज की आंख और कान हैं। उनकी सक्रियता ही लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखती है। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “उत्तराखंड की दशा और दिशा” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। राज्य आंदोलनकारी और सामाजिक चिंतक भुवन पाठक ने कहा कि राज्य निर्माण का उद्देश्य बेहतर भविष्य था, लेकिन आज भी उत्तराखंड बेरोजगारी और नशे जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने पर्यटन को उत्तराखंड के विकास का प्रमुख आधार बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एनयूजे संरक्षक त्रिलोक भट्ट, पुष्पेन्द्र राणा,  गोपाल दत्त गुरुरानी,  हरीश जोशी, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया और वरिष्ठ समाजसेवी दलीप सिंह खेतवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *