पिता की पुत्र ने की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र में नशे में धुत एक युवक ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक गुरुपद विश्वास(60) अपने परिवार के साथ मोहनपुर नंबर एक दिनेशपुर में रहते थे। उनके तीन बेटे, बहू और पत्नी भी उनके साथ ही टिन शेड में रहते हैं। उनका परिवार खेती संबंधित कार्य और मजदूरी करता है। रात वह और उनका बेटा कन्हाई विश्वास ही घर पर थे। परिवार के अन्य सदस्य पंचायत चुनाव के प्रचार के लिए गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता और पुत्र में विवाद हो गया। इसके बाद घर की गली में ही बेटे ने तैश में आकर अपने पिता पर कुल्हाड़ी से उनकी गर्दन और सिर पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर परिजन घर पहुंचे और आसपास के लोगों की सहायता से घायल गुरुपद को जिला अस्पताल ले गए। यहां से चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना पर दिनेशपुर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पिता और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद पुत्र ने कुल्हाड़ी से अपने पिता पर हमला कर दिया। मृतक के बड़े बेटे सोमनाथ की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
