सल्ट में लगा बहुउद्देशीय शिविर
अल्मोड़ा। वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा की अध्यक्षता में विकासखंड सल्ट के राजकीय इंटर कॉलेज खुमाड़ में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने भारी संख्या में प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। शिविर के दौरान कुल 16 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया तथा शेष मामलों के समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
