केदारनाथ विधानसभा सीट में अब 13 प्रत्याशियों में होगा दंगल
- लक्ष्मण सिंह नेगी
जनमंच टुडे/ऊखीमठ।
केदारनाथ विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी माला तिवारी के नाम वापसी के बाद अब 13 प्रत्याशी चुनावी समर में है। माला तिवारी के नाम वापसी के अब केदारनाथ विधानसभा सीट पर 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है जबकि 2017 के चुनाव की तुलना में इस बार चार प्रत्याशी अधिक चुनाव मैदान में है। माला तिवारी व आम आदमी पार्टी के सुमन्त तिवारी एक ही क्षेत्र पंचायत वार्ड के रहने वाले हैं और यदि माला तिवारी सुमन्त तिवारी के समर्थन में प्रचार में करती है तो सुमन्त तिवारी को फायदा मिलने की सम्भावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है। तल्ला नागपुर की बात करे तो पूर्व में तल्ला नागपुर का मतदाता हमेशा निर्णायक की भूमिका में रहा है, मगर इस बार तल्ला नागपुर से कुमोली निवासी निर्दलीय प्रत्याशी सूरज सिंह व निर्दलीय प्रत्याशी रेखा देवी तल्ला नागपुर से ताल्लुक रखते हैं। दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के तल्ला नागपुर की माटी से ताल्लुक रखने का नुकसान भाजपा कांग्रेस के अलावा निर्दलीय अन्य प्रत्याशियों को उठाना पड़ सकता है। आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सुमन्त तिवारी, पीपुल्स पार्टी प्रत्याशी मनोज तिनसोला व सपा प्रत्याशी बद्रीश तीनों एक ही क्षेत्र से होने के कारण मत प्रतिशत में बंटवारा की सम्भावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है। एक मात्र क्षेत्रीय दल उत्तराखण्ड क्रांति दल प्रत्याशी गजपाल ने भी मतदाताओं पर सेंधमारी शुरू कर दी है। बसपा प्रत्याशी श्याम लाल का चन्द्रा पुरी क्षेत्र से ताल्लुक रखने के कारण क्षेत्र के वोट बैंक पर खासी सेंधमारी की जा सकती है ,जबकि परकण्डी ठाड क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में खासा वोट बैंक पड़ सकता है। कुल मिलाकर केदारनाथ विधानसभा सीट पर वर्तमान आंकड़ों पर गौर करें तो मुकाबला त्रिकोणीय बना हुआ है मगर मतदाताओं की खामोशी प्रत्याशियों के लिए चिन्ता का सबब बना हुआ है।
