आज हल्द्वानी पहुँचेगा पर्वतारोही शुभम का शव
जनमंच टुडे। उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के द्रौपदी का डांडा में पिछले दिनों हुए हिमस्खलन में गायब हुए नैनीताल के पर्वतारोही शुभम सांगुड़ी का शव बरामद हो गया है। शव को उत्तरकाशी के अस्पताल लाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया जायेगा। शनिवार रात्रि तक उसके शव के हल्द्वानी पहुँचने की संभावना है वहां से शव को उनके पैतृक गाँव लमगडा के ग्राम सांगड ले जाया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि शुभम ने साहसिक पर्यटन में एमबीए किया है। इसके बाद उसकी निम यानी नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में प्रशिक्षक के तौर पर नौकरी लगी थी। वह 10 सितंबर को पर्वतारोहण का एडवांस कोर्स करने के लिए घर से निकला था और 14 सितंबर को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी पहुंचा था। करीब सप्ताह भर पूर्व शुभम ने अपने परिजनों से फोन पर बात की थी।
