गोवर्धन पूजा पर मंदिरों में उमड़ी भीड़
जनमंच टुडे। देहरादून। प्रदेशभर में गोवर्धन पर्व आज धार्मिक-आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कई स्थानों पर अन्नकूट का आयोजन किया गया। गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेशभर के मंदिरों में सुबह से ही पूजा- अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ देखने को मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गोवर्धन पूजा के अवसर पर गायों की पूजा कर प्रदेशवासियों की सुख- समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय सनातन संस्कृति के साथ ही समस्त मानव जाति के लिए पूजनीय और आदरणीय है। भारतीय संस्कृति में गाय को सुख, सौभाग्य और समृद्धि प्रदान करने के साथ ही समस्त मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली माना गया है। श्री धामी ने युवाओं से अपनी प्रकृति-प्रेमी एवं पर्यावरण हितैषी परंपराओं व संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए आगे आने की अपील की। हिंदू कैलेंडर के अनुसार गोर्वधन पूजा कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के दिन की जाती है। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र के कोप को परास्त किया था। श्री कृष्ण ने ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा करने को कहा था इसी पर इंद्र क्रोधित हो गए और मूसलाधार बारिश करके ब्रजवासियों को संकट में डाल दिया। तभी भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों और मवेशियों की रक्षा के लिए अपने नख पर गोवर्धन पर्वत को उठा लिया और सात दिनों तक पर्वत के नीचे शरण ली। वही भाई-बहन के प्रेम का पर्व भाई दूज कल मनाया जाएगा। भाई दूज के प्रातःकाल से लेकर सुबह 7 बजकर 27 मिनट तक आयुष्मान योग बना है। उसके बाद से सौभाग्य योग शुरू हो जाएगा। सौभाग्य योग अगले दिन प्रातः 4 बजकर 33 मिनट तक रहेगा।
