गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बन्द
जनमंच टुडे। उत्तरकाशी। रुद्रप्रयाग। गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट पर्व पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। कपाट बंद होने के समय करीब दो हजार से अधिक तीर्थयात्री मौजूद रहे। कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर लाइट इन्फेंट्री के जवान सेना के बैंड के साथ मौजूद रहे। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन पड़ाव मुखबा के लिए प्रस्थान हो गई है। डोली यात्रा कल मुखबा पहुंचेगी। गंगोत्री मंदिर के रावल ने बताया कि गंगोत्री धाम के कपाट आज अन्नकूट पर्व पर 12 बजकर एक मिनट पर शीतकाल के लिए बंद किए गए हैं। धाम से मां गंगा की उत्सव डोली यात्रा को शीतकालीन पड़ाव मुखबा के लिए रवाना कर दिया गया है। रावल ने कहा कि शीतकाल के छह माह मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा स्थित मंदिर में विराजमान रहेंगी। उधर यमुनोत्री धाम के कपाट कल दोपहर 12 बजकर 9 मिनट पर बंद होंगे। श्री केदारनाथ धाम के कपाट कल प्रातः साढे आठ बजे शीतकाल के लिए बंद हो जायेंगे और भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ प्रस्थान करेगी। आज कपाट बंद होने की पूर्व संध्या पर हजारों श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन को पहुंचे हैं। वहीं इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालु पहुंच रहे हैंैं। अब तक 43 लाख 28 हजार एक सौ 82 तीर्थयात्री चारधाम यात्रा की यात्रा कर चुके हैं। बदरीनाथ में 16 लाख 48 हजार 9 सौ 32, केदारनाथ में 15 लाख 55 हजार 5 सौ 43, गंगोत्री 6 लाख 24 हजार 4 सौ 51 और यमुनोत्री में 4 लाख्ख 85 हजार 6 सौ 35 श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं।
