राष्ट्रीय फलक पर चमका रिंगवाड़ गांव का ‘सितारा’

जनमंच टुडे। सतपुली। यदि कड़ी मेहनत आपका हथियार है तो सफलता आपकी गुलाम हो जायेगी। इस वाक्य को  पौड़ी जनपद के असवालस्यूं पट्टी के  एक छोटे से ग्राम रिंगवाड़ की युवती अंजली रावत ने सही साबित कर दिखाया। कहते हैं जीवन में कुछ बड़ा पाने के लिए मेहनत और संघर्ष करना पड़ता है और संघर्ष करने के लिए हौसला का होना जरूरी होता है। ये सतपुली के रिंगवाड़ गांव की रहने वाली अंजली रावत के अन्दर कूट, कूट कर भरा था। उसने अपने मेहनत के बलबूते कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ग्रुप-डी परीक्षा में देशभर में पहली रैंक प्राप्त की। उसकी इस कामयाबी पर  गांव वाले अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। परीक्षा टॉप करने वाली अंजली अब विदेश में भारतीय दूतावास में नौकरी करेगी।  मूल रूप से पौड़ी जनपद के सतपुली के असवालस्यूं पट्टी के ग्राम रिंगवाड़ की रहने वाली अंजली का परिवार गांव में ही रहता है। उनके पिता दिनेश रावत केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में प्रशासनिक अधिकारी है,और माता गृहणी हैं। परिजन बताते हैं कि अंजली ने बचपन में ही अपना लक्ष्य तय कर लिया था, और लक्ष्य हासिल करने के लिए वह लगातार मेहनत कर रही थी। परिजन बताते हैं कि अंजली ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। अंजली ने 2020 में भी कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षा पास की थी, लेकिन बेहतर रैंक न मिलने से वह खुश नहीं थी। तब रैंक के आधार पर उनकी तैनाती देहरादून में सर्वे ऑफ इंडिया में हुई। अंजली ने 2021 में दोबारा एसएससी की परीक्षा दी, और इस बार टॉप रहीं। अंजली ने अपनी सफलता का श्रेय स्वजनों और गुरुजनों को दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *