प्रदेशभर में धूमधाम से मनाया गया इगास
जनमंच टुडे।देहरादून। प्रदेशभर में उत्तराखण्ड लोक संस्कृति का पर्व इगास आज धूमधाम से मनाया गया। वही इगास पर आज सुबह मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर गौ-पूजन कर उन्हें भोजन कराया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही प्रदेशभर में लोग इगास मनाने को उत्सुक दिखाई दिए। उन्होंने अपने घरों की साफ-सफाई की और मीठे पकवान बनाए और पूजा अर्चना की। वहीं गायों और बैलों की आरती उतार कर उन्हें पकवान खिलाया। चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ के साथ ही उत्तरकाशी, टिहरी और देहरादून में इगास पर रौनक देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने देर रात को अपने आवास पर भैलो खेला। देहरादून की डीएम सोनिया ने पहाड़ों की रानी मसूरी में स्थानीय लोगों के साथ भैलो खेल कर इगास मनाया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने देहरादून के रेसकोर्स में भैलो खेल कर बग्वाल मनाई। उधर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कालसी के बोहरी गांव में भैलो खेलकर इगास मनाया। देहरादून के एक स्कूल में इगास के अवसर पर गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियों ने समा बांधा।
पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या लौटने की सूचना पर्वतीय क्षेत्रों में दीपावली के 11 दिन बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को पहुंची थी, तभी से यहां दीपावली के 11 दिन बाद बूढ़ी दिवाली यानी की इगास मनाई जाती है।
दूसरे लोकोयोक्ति के अनुसार 17 वीं शताब्दी में गढ़वाल के प्रसिद्ध भड़(योद्धा) वीर माधो सिंह भंडारी की सेना तिब्बत से दुश्मनों को हरा कर दीपावली के ठीक 11 दिन बाद घर लौटे तो स्थानीय लोगों ने दीये जलाकर माधो सिंह और उनके सैनिकों का स्वागत किया।

तभी से गढ़वाल में यह लोक पर्व धूमधाम से मनाये जाने लगा। गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखण्डियों को इगास की शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और लोक कला को समर्पित यह पर्व सभी के जीवन में सुख-शांति, सौभाग्य और नई ऊर्जा का संचार करे। राज्यपाल गुरमीत सिंह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सांसद अनिल बलूनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी शुभकामनाएं दी ।
