मीलों पैदल चल कर ग्रामीणों के बीच पहुंचे पौड़ी के डीएम
जनमंच टुडे ।पौड़ी। जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने ऋषिकेश- बद्रीनाथ तीर्थाटन पैदल मार्ग सिमालो गांव से नांद गांव तक 22 किलोमीटर की पैदल ट्रेकिंग की। इस दौरान उन्होंने मार्ग में स्थित विभिन्न गांवों के ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान जिलाधिकारी सीमालू, महादेव चट्टी, किनसूर, घेड़, बिलोगी, घाँगुगढ़ सिंकटाली सहित विभिन्न गांवों में पहुंचे। ग्रामीण उन्हें अपने बीच पाकर उत्साहित दिखे, और उन्हें अपनी समस्याओं से रूबरू कराया। डीएम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी जो समस्या है ,जल्द उनका निराकरण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि ऋषिकेश- बदरीनाथ प्राचीन तीर्थाटन पैदल मार्ग का जीणोद्धार किया जाएगा। जिससे इन क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पहले जैसे बनी रहेगी। कहा की पर्यटकों के यहां आने से स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही उन्होंने ऋषिकेश- बद्रीनाथ पैदल मार्ग पर साइकिलिंग, क्याकिंग सहित अन्य गतिविधियों को शामिल करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर पड़ने वाले पुराने डाक बंगलों व धर्मशालाओं का जीणोद्धार किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी।
