सरकार पंचायतों को मजबूत कर रही : महाराज

जनमंच टुडे। हरिद्वार। प्रदेश के पंचायती राज, लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, लघु सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, संस्कृति एवं जलागम प्रबन्धन मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में हरिद्वार में सम्पन्न त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में उत्कृष्ट सेवा देने वाले कार्मिकों एवं चुनाव में विजयी सदस्यों को सम्मानित किया।कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये पंचायत मंत्री कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जनपद हरिद्वार में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव-2022 को निर्विघ्न सम्पन्न कराने एवं इसमें उत्कृष्ट सेवा देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि  किसी भी क्षेत्र में जो अच्छा कार्य करते हैं, उन्हें सम्मानित किया जाना चाहिये।उन्होंने कहा कि हमारे देश में लोकतंत्र की जड़ें बेहद गहरी हैं और सरकार निरन्तर पंचायतों को मजबूती प्रदान कर रही है, जिसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है। महाराज ने कहा कि अन्तिम छोर पर जो व्यक्ति खड़ा है, उसके कल्याण के लिये सरकार कृत संकल्प हैं। महाराज ने पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबन्ध नीति का उल्लेख करते हुये कहा कि पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबन्ध नीति के तहत केन्द्र पोषित योजना राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत  हरिद्वार में कॉमन वेस्ट प्लास्टिक रिसाइकिलिंग फेसिलिटी के अन्तर्गत संयंत्र एवं मशीनरी की स्थापना के लिए 2 करोड़ 95 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत हुई थी, जिसके क्रम में जिला पंचायत हरिद्वार प्लांट का संचालन कर दिया गया है।उन्होंने कहा की 20 टन प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण किया गया एवं 95 काम्पेक्टर के सापेक्ष 70 काम्पेक्टर स्थापित कर दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा ऐसे पंचायत भवन, जो जीर्ण-शीर्ण स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि इन पंचायत भवनों की मरम्मत की आवश्यकता है, इसके चार लाख रुपये प्रति पंचायत भवन मरम्मत की दर से 150 भवनों की मरम्मत हेतु छह करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सरकार ने पंचायती राज को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से 100 न्याय पंचायत स्तरों पर दीनदयाल मिनी सचिवालय की स्थापना के लिए स्थान चिन्हित कर लिए गये हैं । ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यों के डॉटा फीड हेतु अवर अभियन्ता तथा डॉटा इण्ट्री आपरेटर की तैनाती कर दी गयी है।सतपाल महाराज ने ग्राम उत्सव का जिक्र करते हुये कहा कि हमारी सरकार ग्राम उत्सव मनाने का कार्य कर रही है और उसे भी पर्यटन से जोड़ रहे हैं ताकि ग्रामीणों की आर्थिकी में भी बढ़ोत्तरी होती रहे। उन्होने पर्यटन का जिक्र करते हुये कहा कि प्रदेश में शाक्त सर्किट, भगवती सर्किट, गोलज्यू सर्किट, नागराज सर्किट, हनुमान सर्किट, विवेकानन्द सर्किट आदि विकसित किये हैं। चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुये उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का पंजीकरण ऑन लाइन, टेलीफोन के माध्यम से जारी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र को लेकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2014 से अब तक कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गये हैं, जिससे पूरे विश्व में देश का मान बढ़ा है।कार्यक्रम में सतपाल महाराज ने उत्कृष्ट कार्य करने, विजयी होने आदि के लिये उन्हें प्रमाण पत्र व प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *