मेधावियों को किया सम्मानित
जनमंच टुडे। रुद्रप्रयाग। प्रशासन व शिक्षा विभाग ने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमिडिएट परीक्षा में राज्य स्तर पर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। मेधावियों को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। साथ ही निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम के लिए प्रेरित किया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथ विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि इस वर्ष हाईस्कूल व इंटरमिडिएट बोर्ड परीक्षा में रुद्रप्रयाग जनपद का परीक्षाफल सबसे बढि़या रहा है। हाईस्कूल में जनपद पूरे प्रदेश में प्रथम व इंटरमिडिएट में द्वितीय रहा, जो गौरव का विषय है। कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जनपद का इतिहास पहले से गौरवशाली रहा है। कहा कि बच्चों की योग्यता की पहचान करने का समय है। बच्चे राष्ट्र ही नहीं मानवता की धरोहर भी हैं। विधायक ने शिक्षा की बेहतरी के लिए और ठोस कदम उठाए जाएंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि अच्छी शिक्षा प्राप्त कर छात्र-छात्राएं देश व समाज के बेहतर निर्माण में योगदान जरूर दें। भारत को विश्वगुरु और आत्मनिर्भर बनाने की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब नई पीढ़ी अपने लक्ष्यों की पूर्ति करेगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मानुशासन, आत्मनियंत्रण और दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ दया, करूणा जैसे गुणों को भी धारण करने की अपील भी की। कहा कि शिक्षा या सीखना एक सतत प्रक्रिया है और हमेशा कुछ न कुछ सीखते रहना चाहिए। सीईओ विनोद सिमल्टी ने कहा कि इस वर्ष इंटरमिडिएट में 6 व हाईस्कूल में 24 छात्र-छात्राओं ने मेरिट में स्थान बनाया है।
