गुलदार के हमले में महिला की मौत
जनमंच टुडे। चम्पावत। चम्पावत जिले के बूम वन रेंज के अंतर्गत सूखीढांग वन क्षेत्र में पशुओं के लिए चारापत्ती लेने जंगल गई महिला को गुलदार ने मार डाला । सूचना पर बूम वन रेंज के रेंजर गुलजार हुसैन के नेतृत्व में वनविभाग की टीम और चल्थी चौकी पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर टनकपुर उपजिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार स्कूल में भोजन माता का काम करने वाली ग्राम धूरा के गजार गांव निवासी चंद्रावती देवी पत्नी प्रकाश चंद्र शर्मा गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ सुबह जानवरों के लिए चारा पत्ती लेने पास ही के जंगल में गई थी। चारापत्ती काटते समय पहले से घात लगाए गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। इसके बाद साथ की महिलाओं ने शोर मचाया लेकिन गुलदार महिला को घसीटते हुए घने जंगल की और ले गया। घटना के बाद साथ गई महिलाएं बदहवास हालत में गांव की ओर दौड़ पड़ी और गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। खोजबीन करने पर महिला का शव जंगल से बरामद हुआ ।
