किसानों की हर सम्भव मदद की जाएगी : जोशी
जनमंच टुडे। हरिद्वार। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हरिद्वार जिले के लक्सर, खानपुर, मंगलौर में 35 से अधिक गांव में बारिश के चलते किसानों के फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण किया और किसानों को हर सम्भव मदद देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर किसानों ने कृषि मंत्री को बताया कि भारी बारिश के साथ ही औद्योगिक क्षेत्र का रसायनिक पानी के खेतों में जाने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस दौरान उन्होंने आपदा से पीड़ित किसानों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनके साथ है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसान हमारा अन्नदाता है,और किसानों की हर सम्भव मदद की जाए। कैबिनेट मंत्री ने किसानों को बताया कि सरकार ने किसानों के तीन महीने के बिजली के बिल स्थगित कर दिए हैं, कृषि ऋण पर भी बैंकों की रिकवरी पर तीन माह के लिए रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र को आपदा ग्रस्त घोषित किया जा रहा है और सरकार मानक के अनुसार मदद की जा रही है। जोशी ने कहा कि कुछ जलभराव के कारण जो गांव सर्वे में छूट गए है, उनके सर्वे के लिए सचिव कृषि आपदा प्रभावित क्षेत्र में शिविर लगाएंगे। उन्होंने कहा किसानों द्वारा जो कृषि ऋण है उसका ब्याज माफ करने की मांग की गई है, उसका समाधान जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा हरिद्वार के आपदा प्रभावित में कुछ जगह पर सिडकुल के केमिकल से जो पानी आया है उससे कृषि को बहुत ज्यादा क्षति हुई है गन्ने की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। नुकसान की रिपोर्ट वह मुख्यमंत्री को सौंपेंगे। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानन्द, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन, संजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, संजय गोयल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र पुंडीर, अपर जिलाधिकारी वीर सिंह बुंदियाल, कृषि विभाग से संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, उद्यान विभाग से संयुक्त निदेशक डॉ रतन कुमार, मुख्य उद्यान अधिकारी ओमप्रकाश, परियोजना निदेशक कैलाश तिवारी, सुशील राठी, डॉ मधु सिंह, जिला महामंत्री अरविन्द गौतम, प्रवीण संधु, मण्डल अध्यक्ष विकास मित्तल, ऋषिपाल बालियान, प्रधान कुंवर सिंह आदि उपस्थित रहे।
