कार खाई में गिरी , तीन की मौत
जनमंच टुडे/ देहरादून।
देहरादून जनपद के कालसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर-कोटी मीनस मार्ग पर टिक्करधार के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम 5 बजे के करीब एक कार विकासनगर से हिमाचल के रोहडू जा रही ।अल्टो कार जैसे ही हरिपुर-मीनस-त्यूणी मार्ग पर टिकरधार के पास पहुँची, इसी दौरान वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लगभग दो सौ मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने माले की सूचना तुरन्त पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। अंधेरा होने के चलते राहत एवं बचाव कार्य करने में पुलिस एवं ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। टीम ने खाई में उतरकर गंभीर रूप से घायल महिला को एंबुलेंस से कालसी अस्पताल भिजवाया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही महिला की मौत हो गई। हादसे में कार सवार हिमाचल पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार पुत्र भोपालूराम, रमन कुमार पुत्र विष्णु दोनों निवासी श्यामपुर गोरखुवाला जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की शिनाख्त महिला की पहचान हिमाचल निवासी रेशमा देवी के रूप में हुई।
