मन में सकारात्मक भाव पैदा करता है खेल: धामी
जनमंच टुडे। चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में एम.बी एजुकेशनल सोसायटी द्वारा आयोजित द हिमालयन कप फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिमालयन राज्य एवं अर्धसैनिक बलों के मध्य आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता से निश्चित रूप से यहां के युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र में जहां एक और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलता है, वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। खेल मन में एक सकारात्मक भाव पैदा करता है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार द्वारा नई खेल नीति बनाई गई है, जिसके अंतर्गत प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। खेल नीति के अंतर्गत युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक ग्राम सभा में ओपन जिम भी खोले जाने का निर्णय लिया गया है। महिलाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाए जाने के लिए उधमसिंहनगर में महिला स्पोर्ट कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोली जा रही है। उन्होंने कहा कि स्तरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है की प्रत्येक स्तर पर जन समस्याओं का निराकरण हो। उन्होंने कहा सरलीकरण समाधान और निस्तारण के मंत्र पर सरकार काम कर रही है। आयोजन समिति के अध्यक्ष व पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर सुभाष अरोड़ा व देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि हिमलायी राज्यों में पर्यावरण संरक्षण व फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार इस टूर्नामेंट की शुरूआत की जा रही है। टूर्नामेंट का आयोजन दो चरणों में होगा। नॉकआउट राउंड के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित होंगे। पहली बार किसी फुटबॉल टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग दूरदर्शन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक व यूट्यूब पर दिखाने के साथ ही रेड एफएम व ओहो रेडियो पर सुनी जा सकती है।
