केदारनाथ मार्ग के अधूरे कार्यों को तेज़ी से निपटाएं
जनमंच टुडे। रुद्रप्रयाग। शासन और प्रशासन चारधाम यात्रा की तैयारियों पर तेज़ी से कार्य कर रहे हैं। इसी के तहत रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिये। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम एवं सुव्यवस्तीय ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारी एवं व्यवस्थाओं को तत्परता से करने को कहा उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग में जिन स्थानों में रेलिंग कार्य किया जाना है एवं ट्रैक रूट में जो भी मरम्मत कार्य किया जाना है उन कार्यों को त्वरित गति से करवाएं। जिलाधिकारी ने सुलभ इंटरनेशनल को तेजगति से सुलभ शौचालय तैयार करने को कहा। उन्होंने जल संस्थान को भी यात्रा मार्ग एवं केदारनाथ धाम में पेयजल व्यवस्था के लिए जो भी पेयजल लाइनों का कार्य किया जाना है उन्हे भी यथाशीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करे । इसके साथ ही घोड़ा खच्चरों के लिए पानी की चारियों को भी दुरुस्त करने को कहा। इसके साथ ही विद्युत विभाग को यात्रा मार्ग एवं केदारनाथ धाम में विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए । इस दौरान जिलाधिकारी ने केदारनाथ यात्रा मार्ग में कार्य कर रहे मजदूरों से भी वार्ता की तथा किए जा रहे कार्यों को त्वरित गति से करने के निर्देश दिए।
